"वर्तमान" by Aditya Singh

मानव जीवन में वर्तमान का पल ही ऐसा समय होता है जब किसी अनुभव को उसी रूप में महसूस किया जा सकता है जैसा वह वास्तव में है। यह पल आपके लिए अनमोल होता है क्योंकि इसे ही आप पूरी शिद्दत से जी सकते हैं। जब आप स्कूल या कॉलेज में होते हैं और वहां किसी कार्यक्रम में शामिल होते हैं, तो उस समय का अनुभव जीवन भर आपके साथ रहता है। वो यादें इसलिए खास होती हैं क्योंकि आप उन्हें बिना किसी बोझ के जीते हैं। आपके लिए समय जैसे रुक जाता है, और वह क्षण आपका सबसे अच्छा दोस्त बन जाता है।

लेकिन हम इंसानों में एक आदत बड़ी गहरी होती है हम चीजों को जरूरत से ज्यादा महत्व देने लगते हैं। हम किसी घटना या पल को बार-बार सोचते हैं और अपने मन में उसके अनगिनत संभावित परिणाम गढ़ते हैं। यह आदत हमें एक ऐसे लूप में फंसा देती है जहां हम हमेशा सोचते रहते हैं कि "अगर मैंने उस समय ऐसा किया होता, तो शायद यह बेहतर होता" या "अगर उस परिस्थिति में मैंने यह कदम उठाया होता, तो मेरा जीवन कुछ और ही होता।" यह सोच न सिर्फ हमारी ऊर्जा खत्म करती है बल्कि हमारे वर्तमान को भी खराब कर देती है।

सच्चाई यह है कि बीता हुआ समय अब वापस नहीं आने वाला। चाहे आप कितना भी चाहें, आप समय को पीछे नहीं घुमा सकते। फिर भी हम अक्सर अपने भूतकाल को पकड़कर बैठे रहते हैं। हमें लगता है कि अगर हम उसे बदल सकें तो हमारी जिंदगी बेहतर हो जाएगी। लेकिन यह केवल एक भ्रम है।

जीवन में सबसे बड़ी सीख यही है कि वर्तमान को जीना ही असली समझदारी है। भूतकाल में अटके रहना और भविष्य की चिंता में घुलते रहना दोनों ही बेमतलब हैं। लेकिन यह समझना आसान नहीं होता। जब भी हम असफल होते हैं या किसी गलती का पछतावा करते हैं, हमारा मन तुरंत बीते हुए पलों में चला जाता है। हम सोचने लगते हैं कि "काश मैं उस समय ऐसा कर पाता," या "काश मुझे यह बात पहले समझ में आ जाती।"

लेकिन क्या मरे हुए को जिंदा किया जा सकता है? क्या हम बचपन में फिर से जा सकते हैं? कभी भी नहीं। जो बीत चुका है वह कभी वापस नहीं आएगा। यह एक अटल सत्य है जिसे हमें स्वीकार करना ही होगा। हम चाहकर भी बीते हुए समय को बदल नहीं सकते।

मैं खुद भी इस संघर्ष से गुजर चुका हूं। कई बार ऐसा हुआ है जब मैंने अपने अतीत के निर्णयों पर पछतावा किया है। मुझे लगता था कि अगर मैंने उस समय कोई और फैसला लिया होता तो आज मेरी स्थिति कुछ और होती। लेकिन जब मैंने इस सोच को गहराई से समझा, तो मुझे एहसास हुआ कि यह सिर्फ मेरे वर्तमान को बर्बाद कर रही है। अतीत को पकड़कर बैठने से मुझे कुछ हासिल नहीं होने वाला था।

एक समय था जब मैं अपने जीवन के हर छोटे-बड़े निर्णय को लेकर परेशान रहता था। लेकिन फिर मैंने एक चीज सीखी मैं अपने वर्तमान को वैसे जी सकता हूं जैसे यह कभी वापस नहीं आने वाला। यही सोच मुझे वर्तमान में टिके रहने का रास्ता दिखाती है। जब मैंने इस विचार को अपनाना शुरू किया, तब मैंने महसूस किया कि जीवन में कितनी खूबसूरती है। हर पल नया है और उसे पूरी शिद्दत से जीना ही असली जीवन है।

जीवन की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यह हमें हर पल नए अवसर देता है। अगर हम इसे खुली आंखों से देखें तो पाएंगे कि हर दिन हमारे लिए एक नया मौका लेकर आता है। लेकिन यह तभी संभव है जब हम अपने भूतकाल से बाहर निकल सकें और भविष्य की चिंता छोड़ दें।

वर्तमान में जीने का मतलब यह नहीं है कि हम अपने अतीत से कुछ न सीखें। अतीत हमें सिखाने के लिए है, लेकिन उस पर अटकना हमारी गलती है। हमें उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। जो गलती हमने पहले की है, उसे दोहराने से बचना चाहिए। लेकिन यह तभी संभव है जब हम वर्तमान में जीने का संकल्प लें।

मुझे याद है जब मैं पहली बार इस सोच को अपनाने की कोशिश कर रहा था। शुरुआत में यह आसान नहीं था। मेरा मन बार-बार बीत चुकी घटनाओं की तरफ खींच जाता था। लेकिन मैंने धीरे-धीरे खुद को वर्तमान में लाने की आदत डाली। मैंने छोटे-छोटे बदलाव किए अपने दोस्तों के साथ समय बिताना, किताबें पढ़ना, ध्यान लगाना। इन सब चीजों ने मुझे वर्तमान में जीने की कला सिखाई।

आज भी ऐसा नहीं है कि मैं कभी बीती हुई घटनाओं के बारे में नहीं सोचता। लेकिन अब मैं उसे पकड़कर नहीं बैठता। अगर कोई पुरानी याद आती है, तो मैं उसे एक अनुभव के रूप में देखता हूं और फिर वापस अपने वर्तमान में लौट आता हूं।

जीवन एक बहती हुई नदी की तरह है। इसे रोकने की कोशिश करना व्यर्थ है। हमें उसके साथ बहना सीखना होगा। यही जीवन का असली सार है। जो पल हमारे पास है, वही सबसे अनमोल है। जब हम इसे पूरी तरह से जीना सीख जाते हैं, तो हमारा जीवन खूबसूरत बन जाता है।

इसलिए मैं अब एक बात हमेशा याद रखता हूं मैं फिर कभी वह व्यक्ति नहीं हो सकता जो कि पिछले साल था। लेकिन मैं एक काम जरूर कर सकता हूं अपने वर्तमान को वैसे जी सकता हूं जैसा यह कभी वापस नहीं आने वाला। यही सोच मुझे हर दिन प्रेरित करती है। यही सोच मुझे वर्तमान में जीने की ताकत देती है।

Comments

Popular posts from this blog

“अरे बेटा! और आजकल क्या कर रहे हो?” By Aditya Singh

"Trapped by Options" By Aditya Singh

"Why Most Men Don't Like to Celebrate Their Birthdays" By Aditya Singh